आईपीएल से ठीक पहले ICC ने एकदिवसीय रैंकिंग जारी की। इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन एकदिवसीय मैच की सीरीज खत्म होते होने के बाद टॉप-10 में काफी बदलाव देखने को मिले। हालांकि विराट कोहली नंबर एक और रोहित शर्मा पहले की ही तरह दूसरे पायदान पर मौजूद हैं। तीसरे नंबर पर पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम हैं। टॉप-10 में दो भारतीय, दो कीवी, दो कंगारु, दो अफ्रीकी, एक पाकिस्तानी, एक अंग्रेज शामिल हैं।
बेयरस्टो ने श्रृंखला में कुल 196 रन जोड़े और अंतिम मैच में उन्होंने 126 गेंद में 112 रन की पारी खेली जिससे वह शीर्ष 10 में फिर से प्रवेश कर सके। यार्कशर के 30 साल के बेयरस्टो अक्टूबर 2018 में नौंवे स्थान पर पहुंचे थे और अब वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक 777 से 23 अंक की दूरी पर हैं।
तीसरे और निर्णायक एकदिवसीय में पांचवें विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी करने वाले ग्लेन मैक्सवेल और एलेक्स कैरी को फायदा हुआ है। आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की बड़ी उम्मीद मैक्सवेल पांच स्थान के फायदे के साथ संयुक्त रूप से 26वें क्रम पर आ गए तो 152 रन बनाकर एलेक्स कैरी अपने करियर की सर्वोच्च 28वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं। मार्नस लाबुशाने ने भी करियर की 20 पायदान की उछाल के साथ करियर बेस्ट 63वीं रैंकिंग हासिल की।
न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट और भारत के जसप्रीत बुमराह शीर्ष दो स्थान पर काबिज हैं। आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड दो साल में पहली बार शीर्ष 10 में लौटे हैं, वह 15वें से आठवें स्थान पर पहुंच गए। गेंदबाजों की रैंकिंग में इंग्लिश पेसर क्रिस वोक्स करियर के बेस्ट चौथे स्थान पर आ गए, उन्होंने सीरीज में छह विकेट लिए थे। ऑलराउंडर्स रैंकिंग में भी वह दूसरे स्थान पर आ गए। ऑस्ट्रेलियाई पेसर जोश हेजलवुड की लगभग दो साल बाद टॉप-10 में वापसी हुई है। वह 15वें से आठवें क्रम पर आए। इंग्लिश पेसर जोफ्रा आर्चर भी 18 स्थान की छलांग के साथ पहली बार टॉप-10 तक पहुंचने में सफल रहे। पांच बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम को सुपर लीग की पहली श्रृंखला में 20 अंक मिले।