इस बीच, रैकिंग के नजरिए से इंग्लैंड के जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो के प्रदर्शन पर नजर होगी। ये बृहस्पतिवार से आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू श्रृंखला के साथ आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग में विश्व चैम्पियन टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। सलामी बल्लेबाज रॉय और विकेटकीपर-बल्लेबाज बेयरस्टो बल्लेबाजों की रैंकिंग में क्रमश: 11 वें और 14 वें स्थान पर हैं। उनकी कोशिश शीर्ष 10 में जगह पक्की करने पर होगी। दोनों की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग नौ रही है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में शामिल रहे खिलाड़ियों को एकदिवसीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में टीम की गेंदबाजी का दारोमदार आदिल राशिद (29वीं रैंकिग) और उपकप्तान मोईन अली (44वां स्थान) पर होगी।
उधर आयरलैंड के कप्तान एंड्रयू बालबर्नी बल्लेबाजों की सूची में 46वें स्थान पर हैं। पॉल स्टर्लिंग 27वें स्थान के साथ उनके शीर्ष रैंकिंग वाले बल्लेबाज हैं। ऑफ स्पिनर एंडी मैक्ब्रिन (31वें) और तेज गेंदबाज बॉयड रैंकिन (संयुक्त 40वें) रैंकिंग के मुताबिक टीम के प्रमुख गेंदबाज होंगे।
बता दें कि इंग्लैंड-आयरलैंड श्रृंखला से बहुप्रतीक्षित सुपर लीग की शुरुआत होगी जिसमें 2023 में भारत में होने वाले अगले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में सीधे क्वालीफाई करने के लिए 13 टीमें खेलेंगी।