ICC के प्रस्ताव के मुताबिक 2024 और 2028 में टी-20 चैंपियंस कप होगा। 10 देशों के बीच कम से कम 48 मैच खेले जाएंगे। मैचों की संख्या उतनी ही है जितनी विश्व कप 2019 में थी। दूसरी ओर 2025 और 2029 में वन-डे चैंपियंस कप कराए जाएंगे। वन-डे चैंपियंस कप को चैंपियंस ट्रॉफी की तरह पेश किया जाएगा। जिसमें छह टीमों के बीच 16 मैच होंगे। सदस्य देशों को 2023-2031 के बीच होने वाले इस टूर्नामेंटों के लिए देशों को बोली लगाने के लिए 15 मार्च तक का समय दिया गया है। उम्मीद है कि यह समयसीमा बढ़ाई जा सकती है क्योंकि अभी सिर्फ प्रस्ताव आया है।
ICC के इस प्रस्ताव को बीसीसीआई, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड बोर्ड से सहमति मिलना मुश्किल है। आईसीसी साफ तौर पर इन टूर्नामेंट्स से अपना रेवेन्यू बढ़ाना चाहती है। आईसीसी के सीईओ मनु सवानी ने कहा था कि हर साल बड़े आईसीसी टूर्नामेंट से नियमित रूप से बड़ी रकम आएगी, जिसे छोटे देशों में खेल के उत्थान के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। हालांकि बीसीसीआई और ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के क्रिकेट बोर्ड्स का मानना है कि इससे द्विपक्षीय सीरीज में असर पड़ेगा और उनकी होने वाली कमाई भी कम हो जाएगी।