कोरोना महामारी के कारण मार्च और मई के बीच विश्व कप लीग 2 के तहत होने वाले तीन आगामी क्रिकेट सीरीज को स्थगित कर दी गई हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। दरअसल, विश्व कप लीग 2, 2023 विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग का हिस्सा है। इसके छठी, सातवीं और आठवीं सीरीज के तहत 18 वन-डे मैचों का आयोजन होना था। आईसीसी मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि, यह स्थगन संबंधति देशों के बीच वर्तमान यात्रा प्रतिबंधों के कारण है। आईसीसी ने कहा कि अब वह मेजबान और भाग लेने वाले सदस्यों के साथ मिलकर एक उपयुक्त विंडो खोजने के लिए काम करेगा। बता दें कि स्थगित सीरीज में टेबल-टॉपर्स ओमान शामिल था, जो 19 से 28 मार्च के बीच छह वनडे मैचों के लिए दूसरे स्थान काबिज अमेरिका और सातवें स्थान पर काबिज नेपाल की मेजबानी करने वाला था।