भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना आईसीसी की मंगलवार को जारी महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बनी हुई हैं। उन्होंने इंग्लैंड की कप्तान नेट सिवर-ब्रंट पर 83 अंकों की बढ़त बना ली है। स्मृति ने मौजूदा विश्व कप में लगातार अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ इंदौर में पिछले मैच में भारत की करीबी हार के दौरान 88 रन की पारी खेली थी। इस शानदार प्रदर्शन के अलावा, उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सितंबर 2025 के लिए आईसीसी की महीने की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया था।
हीली को हुआ फायदा
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली विश्व कप में लगातार शतकों के दम पर एक स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंची हैं। शीर्ष 10 के बाहर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर तीन स्थान के फायदे से 15वें, ऑस्ट्रेलिया की फीबी लिचफील्ड पांच स्थान के सुधार से 17वें और इंग्लैंड की हीथर नाइट 15 स्थान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
दीप्ति तीसरे स्थान पर पहुंचीं
गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा तीन स्थान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंची हैं। उन्होंने विश्व कप में अब तक पांच मैचों में 13 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड की सोफी एकलेस्टोन शीर्ष पर बनी हुई हैं, जबकि ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एलेना किंग दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंची हैं। पाकिस्तान की नशरा संधू (11वां), सादिया इकबाल (14वां) और फातिमा सना (24वां) की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है।
ऑलराउंडर रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर शीर्ष पर हैं। पाकिस्तान की फातिमा सना पांच स्थान के सुधार के साथ 15वें स्थान पर पहुंची हैं, जबकि श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू एक स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं।