आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड
- फोटो : ANI/BCB
आईसीसी ने बयान में क्या कहा?
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वरिष्ठ आईसीसी अधिकारियों में अध्यक्ष जय शाह सहित कई अधिकारी शुक्रवार को दुबई में थे और देर शाम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल को एक ईमेल भेजा गया, जिसमें वैश्विक संस्था का निर्णय बताया गया। आईसीसी के बयान में कहा गया, 'यह फैसला भारत में अपने निर्धारित मैचों की मेजबानी को लेकर बीसीबी द्वारा जताई गई चिंताओं के बाद एक विस्तृत प्रक्रिया के तहत लिया गया।' आईसीसी ने बताया कि तीन हफ्तों से अधिक समय तक उसने बीसीबी के साथ पारदर्शी और रचनात्मक तरीके से कई दौर की बातचीत की। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस और आमने-सामने बैठकों के जरिये चर्चा हुई।
इस प्रक्रिया के तहत आईसीसी ने:
- बीसीबी की ओर से उठाई गई चिंताओं की समीक्षा की
- आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञों से स्वतंत्र सुरक्षा आकलन करवाए
- केंद्र और राज्य स्तर की व्यवस्थाओं समेत विस्तृत सुरक्षा और संचालन योजनाएं साझा कीं
- टूर्नामेंट के लिए अतिरिक्त और बढ़ाई जा सकने वाली सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा दिलाया
आईसीसी के अनुसार, ये सभी आश्वासन कई मौकों पर दोहराए गए, जिनमें आईसीसी बिजनेस कॉरपोरेशन (IBC) बोर्ड से जुड़ी चर्चाएं भी शामिल थीं। आईसीसी के सुरक्षा आकलन में यह निष्कर्ष निकला कि भारत में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम, अधिकारियों या समर्थकों के लिए कोई विश्वसनीय या सत्यापित सुरक्षा खतरा नहीं है। इन निष्कर्षों और व्यापक प्रभावों पर सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद आईसीसी ने तय किया कि प्रकाशित कार्यक्रम में बदलाव करना उचित नहीं होगा।
भारत में स्कॉटलैंड को खेलने हैं चार मैच
मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को अपने लीग मुकाबले कोलकाता और मुंबई में खेलने थे। लेकिन अब उसकी जगह स्कॉटलैंड ग्रुप सी का हिस्सा बन गया है और कार्यक्रम के अनुसार तय मुकाबले खेलेगा। यह पहला मौका नहीं है जब किसी अन्य टीम को मौका मिला है। साल 2009 में जब जिम्बाब्वे ने इंग्लैंड में हुए टी20 विश्व कप से हटने का निर्णय लिया था, तब स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। अब बांग्लादेश ने अपनी जिद पर कायम रहते हुए टी20 विश्व कप के मुकाबले भारत में खेलने से इनकार किया है, तो उसकी जगह रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को शामिल कर दिया गया है।
ये मैच खेल सकता है स्कॉटलैंड
- 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ
- 9 फरवरी को इटली के खिलाफ
- 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ (ये सभी मैच कोलकाता में)
- इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ मैच खेला जाएगा।
बीसीसीआई सचिव सैकिया और मुस्तफिजुर रहमान
- फोटो : ANI/PTI