डिज्नी स्टार ने 2024 से लेकर 2027 के चार साल के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के भारतीय मार्केट के लिए टीवी और डिजिटल प्रसारण अधिकार खरीद लिए हैं। आईसीसी ने बताया कि डिज्नी स्टार अगले चार वर्षों के लिए भारत में आईसीसी के सभी मैचों का प्रसारण करेगा। उसने 2027 के अंत तक पुरुषों और महिला क्रिकेट के वैश्विक आयोजनों के टीवी और डिजिटल अधिकार हासिल किए हैं।
आईसीसी ने कहा कि डिज्नी स्टार ने एकल दौर की सीलबंद बोली प्रक्रिया के बाद जीत हासिल की। इसमें पिछले चक्र के मीडिया अधिकार के लिए खर्च की गई रकम से काफी अधिक बढ़ोतरी हुई है। इससे क्रिकेट की लोकप्रियता और पहुंच में बढ़ोतरी का पता चलता है।