वनडे विश्व कप इस साल भारत में खेला जाना है। ऐसी आशा की जा रही है कि विश्व कप टूर्नामेंट इस साल के अंत में पांच अक्तूबर से 19 नवंबर के बीच खेला जाएगा। अभी तक इस टूर्नामेंट के शेड्यूल को लेकर कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, पिछले दो विश्व कप का शेड्यूल टूर्नामेंट शुरू होने से लगभग एक साल पहले जारी कर दिया गया था।
आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस का कहना है कि वह जल्द से जल्द भारत में होने वाले विश्व कप 2023 का शेड्यूल रिलीज करना चाहते हैं। टूर्नामेंट में महज चार महीने ही रह गए हैं और अभी तक मैच का समय, जगह और शेड्यूल निश्चित नहीं है।
पिछले विश्व कप की बात करें तो, साल 2019 में इंग्लैंड में हुए विश्व कप का शेड्यूल टूर्नामेंट शुरू होने से 13 महीने पहले 26 अप्रैल 2018 को रिलीज कर दिया गया था। वहीं, 2015 विश्व कप के लिए शेड्यूल टूर्नामेंट शुरू होने से 18 महीने पहले 30 जुलाई 2013 में ही रिलीज कर दिया गया था। हालांकि, अभी तक इस साल के विश्व कप शेड्यूल की कोई जानकारी नही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साल के अंत में पांच अक्तूबर से 19 नवंबर के बीच यह टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा, लेकिन आईसीसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने कहा था कि इस साल होने वाले विश्व कप 2023 का शेड्यूल इंग्लैंड में चल रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान रिलीज कर दिया जाएगा लेकिन, आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस का मानना है कि शेड्यूल अगले हफ्ते तक जारी नहीं किया जा सकता।
एलार्डिस ने कहा- मुझे लगता है शायद आज भी बीसीसीआई हमें शेड्यूल दे सकता है, लेकिन अभी भी कुछ टीम और प्रकाशन को लेकर अनिश्चितता है। जैसे ही शेड्यूल हमें मिलता है हम जल्द ही प्रकाशित करेंगे। जब हम कोई इवेंट आयोजित करते हैं तो मेजबान देश से परामर्श करते रहते हैं। कई जगहों पर ज्यादा परामर्श की जरुरत होती है। एक मेजबान देश पर काफी दबाव और जिम्मेदारियां होती हैं, जिसे वह अच्छी तरह से निभाना चाहता है।
पाकिस्तान के विश्व कप 2023 में शामिल होने पर एलार्डिस से जब पूछा गया कि क्या पाकिस्तान के खेलने ना खेलने से शेड्यूल में देरी हो रही है तो इस पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दिखाई और बोले- जबतक मैं शेड्यूल नहीं देख लेता, मैं कुछ नहीं कह सकता..मैं भी इंतजार कर रहा हूं। मैं आशा करता हूं कि अगले दो-तीन दिन में उस पर कुछ नतीजा देखले को मिल सकता है।