शाकिब पर प्रतिबंध के खिलाफ बुधवार को बांग्लादेश में सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शाकिब ने प्रतिबंध के बाद सार्वजनिक अपील करके समर्थन मांगा था जिसके बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर ढेरों आईसीसी विरोधी पोस्ट डाले।
पुलिस का कहना है कि शाकिब के गृहनगर मगुरा में लगभग 700 लोग सड़कों पर उतर आए और आईसीसी से उन पर लगा प्रतिबंध हटाने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए और राजमार्ग पर मार्च किया। उन्होंने आईसीसी के फैसले के खिलाफ विरोध जताते हुए मानव श्रृंखला भी बनाई। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां भी ले रखी थी जिन पर लिखा था कि शाकिब ‘षड्यंत्र’ का शिकार हैं। राजधानी ढाका में भी छोटे पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए।
बता दें कि मंगलवार को दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान शाकिब अल हसन पर आईसीसी ने दो साल का बैन लगा दिया है, इसमें एक साल का प्रतिबंध निलंबित रहेगा। उन पर आईसीसी की आदर्श आचार संहिता की तीन धाराओं के उल्लंघन के आरोप हैं।