श्रेयस अय्यर, मिताली राज और दीप्ति शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय पुरुष टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर, महिला टीम की कप्तान मिताली राज और स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को आईसीसी ने फरवरी महीने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। पुरुष वर्ग में अय्यर के अलावा अमेरिका के बल्लेबाज वृत्य अरविंद और नेपाल के दीपेंद्र सिंह एरी को भी चुना गया है। वहीं, महिला वर्ग में मिताली और दीप्ति के साथ न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर एमेलिया केर का भी नाम है।
अय्यर ने पिछले महीने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सीमित ओवरों की सीरीज में टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में 80 रन बनाए थे। इसके बाद आखिरी टी20 मैच में 16 गेंद पर 25 रन ठोके थे। सूर्यकुमार यादव के चोटिल होने और विराट कोहली के आराम करने के कारण अय्यर को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में तीसरे क्रम पर खेलने का मौका मिल गया।
अय्यर ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के तीनों मैच में जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने तीनों मुकाबलों में नाबाद अर्धशतक जड़े थे। अय्यर ने इस दौरान 174.35 की स्ट्राइक रेट से 204 रन बनाए थे। उनके शानदार बल्लेबाजी के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। दूसरी ओर, महिला क्रिकेट की बात करें तो मिताली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 77.33 की औसत और 82.56 की स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए थे। उन्होंने तीन अर्धशतक जड़े थे।
आखिरी वनडे में मिताली ने नाबाद 54 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतर खेल दिखाया था। उन्होंने वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा 10 विकेट अपने नाम किए थे। बल्ले से पांच मैचों में 116 रन जड़े थे। सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने चार विकेट लिए थे। वहीं, तीसरे वनडे में 69 रन बनाए थे।