आईसीसी ने विराट को दशक का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय क्रिकेटर घोषित करते देते हुए लिखा, 'आईसीसी अवॉर्ड की अवधि में 10000 से अधिक एकदिवसीय रन बनाने वाला एकलौता खिलाड़ी। इस दौरान उन्होंने 39 शतक, 48 अर्धशतक और 112 कैच पकड़े। उनका औसत भी 61.83 का रहा।'
विराट को उनके शानदार प्रदर्शन और हर प्रारूप में जबरदस्त खेल दिखाने के लिए दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर घोषित किया गया और इसके लिए उन्हें सर गारफील्ड सोबर्स अवॉर्ड से नवाजा गया। विराट ने इस दशक में 70 से अधिक पारियों में 56.97 की औसत से सर्वाधिक 20,396 रन, 66 शतक, 94 अर्धशतक बनाए।
धोनी ने आईसीसी का दशक का खेल भावना पुरस्कार जीता। प्रशंसकों ने 2011 में नॉटिंघम टेस्ट में इयान बेल के अजीब हालात में रन आउट होने के बाद उन्हें वापस बुलाने के लिए धोनी को इस पुरस्कार के लिए चुना।
विराट को जहां दशक का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय क्रिकेटर घोषित किया गया वहीं अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज राशिद खान को टी-20 और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को टेस्ट क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर घोषित किया गया।
वहीं महिलाओं में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिसी पेरी ने दशक की सर्वश्रेष्ठ टी-20 और एकदिवसीय क्रिकेटर का अवॉर्ड अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने दशक की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के लिए रशेल हेहो-फ्लिंट अवॉर्ड पर भी कब्जा जमाया।