आईसीसी ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप टीम की घोषणा कर दी है। कुल 12 खिलाड़ियों वाली टीम में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की महिला क्रिकेटरों का दबदबा है। भारत की तरफ से पूनम यादव इकलौती क्रिकेटर हैं जिन्हें प्लेइंग XI में जगह मिली है। वहीं पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त बल्लेबाजी करने वाली 16 वर्षीय शेफाली वर्मा को 12वें खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया को चैंपियन बनाने वाली ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग को आईसीसी की टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं फाइनल में जबरदस्त बल्लेबाजी करने वाली ऑस्ट्रेलियाई सलामी जोड़ी एलिसी हिली और बेथ मूनी को इस टीम की ओपनर बनाया गया है।
आईसीसी की इस टीम में ऑस्ट्रेलिया के पांच, इंग्लैंड के चार, भारत के दो और दक्षिण अफ्रीका की एक खिलाड़ी को जगह मिली है।
भारत को फाइनल में 85 रन से हराकर पांचवीं बार चैंपियन बनने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से एलिसा हिली, बेथ मूनी, मेग लैनिंग, जेस जोनासन और मेगन शूट को टीम में शामिल किया गया है। वहीं इंग्लैंड की तरफ से कप्तान हेथर नाइट, नैट सिवर, सोफी एक्लेस्टोन और अन्या श्रब्सोल को जगह दी गई है।