ब्रॉडकास्ट कंपनी जियोस्टार ने आईसीसी के साथ अनुबंध को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लगा दिया है। पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें चल रही थी कि जियोस्टार आईसीसी टूर्नामेंट के अनुबंध से बाहर निकलना चाह रही है, लेकिन अब इस ब्रॉडकास्ट कंपनी ने स्पष्टीकरण दे दिया है। जियोस्टार का कहना है कि वह अपने अनुबंध का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जियोस्टार, रिलायंस के मीडिया व्यवसाय और वैश्विक दिग्गज मीडिया कंपनी वॉल्ट डिज्नी के भारत व्यवसाय के विलय के बाद बनी संयुक्त कंपनी है। जियोस्टार ने एक बयान में कहा, दोनों संगठन पूरे भारत में प्रशंसकों को आगामी आईसीसी आयोजनों का निर्बाध, विश्व स्तरीय कवरेज प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जिसमें आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप भी शामिल है। आईसीसी और जियोस्टार, दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदार के रूप में संचालन, वाणिज्यिक और रणनीतिक मामलों पर नियमित संपर्क बनाए रखते हैं ताकि खेल के विकास में साझेदारी की भूमिका सुनिश्चित हो सके।
आईसीसी ने भी स्पष्ट की स्थिति
जियोस्टार ने स्पष्ट किया कि हाल में मीडिया में आई रिपोर्ट दोनों संगठनों की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती हैं। वर्तमान समझौता पूरी तरह लागू है और जियोस्टार भारत में आईसीसी का आधिकारिक मीडिया साझेदार बना हुआ है। जियोस्टार ने कहा, 'यह कहना कि जियोस्टार ने समझौते से पीछे हटने का फैसला किया है, गलत है।' आईसीसी ने भी इस मामले को लेकर बयान जारी किया है और स्पष्ट किया कि उनका जियोस्टार के साथ समझौता जारी है।