पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान इयान चैपल का मानना है कि अपने शानदार क्रिकेटिया शॉट्स और फिटनेस के दम पर विराट कोहली मौजूदा दौर में तीनों प्रारूपों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। चैपल ने कहा,‘स्टीव स्मिथ, केन विलियम्सन और जो रूट में से कोहली तीनों प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ हैं। इसमें कोई शक नहीं है। तीनों प्रारूपों में उनका रिकॉर्ड शानदार है। खासकर सीमित ओवरों के प्रारूप में ।’
भाता है बल्लेबाजी का तरीका :
यह पूछने पर कि वह भारतीय कप्तान कोहली को सर्वश्रेष्ठ क्यों मानते हैं, उन्होंने कहा,‘मुझे बल्लेबाज में उनका तरीका पसंद है। भारतीय टीम जब पिछली बार ऑस्ट्रेलियाई आई थी तो हमने उनका इंटरव्यू किया था। उन्होंने तब बताया था कि वह टी20 क्रिकेट की तरह लप्पेबाजी क्यों नहीं करते। उन्होेंने कहा था कि वह नहीं चाहते कि पांच दिनी प्रारूप में उस तरह के शॉट्स उनकी बल्लेबाजी में आए। हमारे समय में सीमित ओवरों में विव रिचर्ड्स के पास जबर्दस्त क्रिकेट शॉट्स थे। वह गेंद को इतना बखूबी मारते थे कि काफी तेजी से रन बनते थे। कोहली भी वही है। वह पारंपरिक क्रिकेट शॉट्स बखूबी खेलते हैं।
कोहली की फिटनेस और विकेटों के पीछे दौड़ कमाल की है। वह बेहद फिट हैं। उनकी कुछ पारियां लाजवाब रही हैं। उनकी कप्तानी भी बेखौफ है और वह हारने से नहीं डरते। वह जीत की कोशिश में हार के लिए भी तैयार रहते हैं।’ इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने कहा था कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्मिथ कहीं कोहली के आसपास भी नहीं ठहरते।