ढाई साल पहले यहां आए स्टीवन स्मिथ के एक ओवरथ्रो के कारण ऑस्ट्रेलिया को मैच एक विकेट से गंवाना पड़ा था लेकिन यह आलराउंडर संकट के दौर से जूझ रही अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है।
भारत से सीरीज में 0-2 से पीछे चल रही ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ को तीसरे टेस्ट में जगह दी थी। बारिश के कारण पहले दिन का खेल धुल गया।
बकौल स्मिथ, ‘पिछली बार से हालात अलग है। पिछली बार मैंने कई ओवरथ्रो किए थे लेकिन अब मुझे वापसी का मौका मिला है और मैं जीत में योगदान देना चाहता हूं।’
आखिरी दिन स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर उतरे स्मिथ अगर सटीक थ्रो करते तो वीवीएस लक्ष्मण आउट हो जाते और आस्ट्रेलिया मैच जीत लेता।
स्मिथ ने कहा कि पिछले एक डेढ़ साल में उनके खेल में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, 'मैं अंतिम एकादश का हिस्सा बनकर रोमांचित हूं। उम्मीद है कि शुक्रवार को खेल होगा।'