महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वालीं भारत की तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने कहा है कि वह कभी रिकॉर्ड के लिए नहीं खेलीं। झूलन का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका में चार देशों के क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत की खिताबी जीत अगले महीने होने वाले विश्व कप के लिए अच्छी तैयारी है।
34 वर्षीय महिला गेंदबाज ने इस टूर्नामेंट के दौरान आस्ट्रेलिया की कैथरीन फिट्जपैट्रिक (180 विकेट) का दस साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। झूलन के नाम पर अब वनडे में 185 विकेट दर्ज हैं। झूलन ने दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद कहा, ‘टीम खेल में व्यक्तिगत रिकॉर्ड ज्यादा मायने नहीं रखते। मैं कभी रिकॉर्ड के लिए नहीं खेली। मैं इस खेल को चाहती हूं और इसलिए खेलती हूं। जब आप खेल रहे होते हैं तो उपलब्धियां भी हासिल करते हैं।