चैंपियंस लीग में खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स के आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल हसी अपने निजी कारणों से टूर्नामेंट बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट गए। 37 वर्षीय हसी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि वह अपने कुछ निजी कारणों से टूर्नामेंट बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट रहे है। हसी के लीग छोड़कर स्वदेश लौट जाने से साफ है कि वह यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले चेन्नई के आखिरी मैच में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
हसी को चेन्नई और मुंबई इंडियंस के बीच शनिवार को यहां खेले गए मैच में आखिरी समय में टीम से हटाया गया था। चेन्नई की टीम पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है लेकिन उसे अभी सोमवार को अपना आखिरी मैच यॉर्कशर के खिलाफ खेलना है। हसी ने टूर्नामेंट में चेन्नई की तरफ से केवल एक मैच खेला। वह सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ मैच में खेले थे जिसमें चेन्नई की टीम हार गई थी।
हसी इसी साल के शुरू में अपने चौथे बच्चे के समय से पहले जन्म लेने के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ वनडे सीरीज खेलने के लिये इंग्लैंड दौरे पर नहीं जा पाया था।