मंगलवार को टी-20 वर्ल्ड कप 2016 का आगाज हो गया। हालांकि शुरुआती मुकाबले क्वालिफाइंग मैच चल रहे हैं, जहां पहला मैच हांगकांग और जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीमों के बीच खेला गया, लेकिन इस मैच में भी 2 खास बातें रही।
मैच में जिम्बाब्वे को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। उसने 8 विकेट पर 158 रन बनाए। इसके जवाब में हांगकांग 6 विकेट पर सिर्फ 144 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे ने यह मैच 14 रन से जीता।
हांगकांग टीम में मध्यक्रम के बल्लेबाज रियान कैंपबेल ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर की शुरुआत की। उनकी उम्र 44 साल है। टी-20 क्रिकेट में वह सबसे उम्रदराज क्रिकेटर भी बन गए हैं। इससे पहले यूएई के तौकीर 43 साल 179 दिन के साथ सबसे उम्र वाले टी-20 क्रिकेटर थे।
हांगकांग टीम भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिग्गजों के मुकाबले कहीं नहीं ठहरती लेकिन रिकॉर्ड में वह किसी से कम नहीं है। टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मैच के रुप में हांगकांग ने अपना 12वां मैच खेला। इन 12 मैचों में वह 10 मैचों में टॉस जीत चुके हैं।