फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस: क्रुणाल पांड्या नहीं दिला सके भारत को जीत, पाकिस्तान ने चार विकेट से हराया; मैच रिपोर्ट

Fri, 30 Oct 2026 07:23 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मॉन्ग कोक

सार

  • हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस 2026 में पाकिस्तान ने भारत को चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 88/5 रन बनाए।
  • जवाब में पाकिस्तान ने अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफेकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 3.5 ओवर में ही 91/2 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : HongKong Sixes
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने टीम इंडिया को चार विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के 89 रनों के लक्ष्य को महज 3.5 ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाए थे। पाकिस्तान की जीत के हीरो कप्तान अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे रहे। अब्बास ने सिर्फ आठ गेंदों पर 35 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि नफे ने 12 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए अब्बास अफरीदी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विज्ञापन
Trending Videos

शशांक सिंह की तूफानी पारी, भारत ने बनाए 88 रन
  • टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से राहुल त्रिपाठी और नितीश राणा ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले ओवर में 11 रन जोड़े। हालांकि, दूसरे ओवर में मुहम्मद शहजाद ने राहुल त्रिपाठी को पांच गेंदों पर नौ रन के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को पहला झटका दिया।
  • इसके बाद शशांक सिंह ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने तीन गेंदों पर 16 रन बटोरकर भारतीय पारी को रफ्तार दी। तीसरे ओवर में कप्तान अब्बास अफरीदी ने कसी हुई गेंदबाजी की और सिर्फ 11 रन दिए। भारत ने तीन ओवर के बाद 44/1 का स्कोर बना लिया था।
  • शशांक सिंह ने चौथे ओवर में अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने तीन छक्के और एक चौके की मदद से इस ओवर में 24 रन ठोक दिए। हालांकि, दूसरे छोर पर नितीश राणा तेजी से रन बनाने में संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने 14 गेंदों पर 19 रन बनाए और पांचवें ओवर में रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटे।

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
अब्दुल समद ने क्रुणाल पांड्या को किया आउट
पांचवें ओवर में पाकिस्तान के गेंदबाज अब्दुल समद ने भारत को बड़ा झटका दिया। उन्होंने पहले राहुल तेवतिया को गोल्डन डक पर आउट किया और अगली ही गेंद पर भारतीय कप्तान क्रुणाल पांड्या को भी बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इस ओवर में भारत सिर्फ 10 रन बना सका। टीम का स्कोर 78/4 हो गया था। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर अहमद दानियाल ने शशांक सिंह को आउट कर भारत की उम्मीदों को झटका दिया। शशांक ने महज 11 गेंदों पर 40 रनों की विस्फोटक पारी खेली। भारत ने अंतिम ओवर में 12 रन जोड़े और निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट पर 88 रन बनाए।

अब्बास अफरीदी ने पहले ओवर में लगाए लगातार पांच छक्के
89 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की जमकर धुनाई की। पाकिस्तान की पारी के पहले ओवर में अब्बास अफरीदी ने क्रुणाल पांड्या के खिलाफ लगातार पांच छक्के जड़ दिए। इस ओवर में पाकिस्तान ने कुल 31 रन बटोरे। इसके बाद दूसरे ओवर में टी. नटराजन की गेंदों पर भी पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने 28 रन ठोक दिए। महज दो ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 73/1 पहुंच गया।

नफे ने 12 गेंदों पर बनाए नाबाद 41 रन
भारत को पहली सफलता शशांक सिंह ने दिलाई। उन्होंने अब्बास अफरीदी को 35 रन के निजी स्कोर पर आउट किया, लेकिन इसका पाकिस्तान की रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा। ख्वाजा नफे ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने अपनी 12 गेंदों की नाबाद पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए। इरफान खान ने विजयी रन बनाकर पाकिस्तान को 3.5 ओवर में 91/2 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इस तरह पाकिस्तान ने चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

ग्रुप सी में बढ़ी भारत की मुश्किलें, यूएई से होगा अगला मुकाबला
इस हार के बाद हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस 2026 के ग्रुप सी में क्वालिफिकेशन की जंग और दिलचस्प हो गई है। भारत को अब शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ मुकाबला खेलना है। इस मैच में भारत की जीत से ग्रुप की तीनों टीमों के अंक बराबर होने की संभावना बन सकती है। ऐसी स्थिति में कप कैटेगरी के लिए क्वालिफाई करने वाली टीम का फैसला लगाए गए छक्कों की संख्या के आधार पर होगा। फिलहाल ग्रुप सी में पाकिस्तान दो मैचों में 23 छक्कों के साथ सबसे आगे है। यूएई ने एक मैच में 12 छक्के लगाए हैं, जबकि भारत के नाम एक मैच में सात छक्के दर्ज हैं। ऐसे में भारतीय टीम के लिए अगले मुकाबले में जीत के साथ-साथ बड़े अंतर से रन बनाने की चुनौती भी होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें