रंगना हेरात 43 रन पर छह विकेट और दिमुथ करूणारत्ने के नाबाद अर्द्धशतक (60) के दम पर श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट के तीसरे दिन 10 विकेट से मात देकर शानदार जीत दर्ज करने के साथ ही सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरी पारी में महज 93 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान श्रीलंकाई टीम ने बेहद आसानी से बिना कोई विकेट खोए इसे हासिल कर मेहमान टीम को 10 विकेट से मात दे दी। इसी के साथ श्रीलंका अब न्यूजीलैंड के खिलाफ् दो टेस्ट की सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है।
पहले टेस्ट के तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने अपनी पारी को कल के 35 पर एक विकेट से आगे खेलते हुए आगे बढ़ाया लेकिन श्रीलंका के खतरनाकर गेंदबाज हेरात के सामने मेहमान टीम के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। न्यूजीलैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में अपने सभी विकेट गंवा कर महज 118 का स्कोर बना सकी।
इसके बाद अपनी दूसरी पारी में 93 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम की ओर से ओपनर तरंगा परनविताना ने नाबाद 31 रन और करूणारत्ने ने नाबाद 60 रन की अहम पारी खेलकर महत तीन दिन में ही जीत हासिल कर ली।