ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्वीकार किया है कि वह टीम के साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा से ज्यादा बातचीत नहीं करते हैं। हेजलवुड के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई टीम के ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ियों के बीच करीबी रिश्ते नहीं थे। 2018 के केपटाउन टेस्ट के दौरान भी टीम में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कुछ हद तक दूरी थी। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा के हालिया खुलासों के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर हलचल मची हुई है।
वॉर्नर-ख्वाजा और ख्वाजा की किताब सब्र
- फोटो : IANS
ख्वाजा के साथ कैसा संबंध?
जोश हेजलवुड ने 'द हेराल्ड सन' को दिए दो हिस्सों वाले एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के दूसरे भाग में उस्मान ख्वाजा के साथ अपने रिश्तों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन क्रिकेट के मैदान से बाहर उनका रिश्ता कभी बहुत करीबी नहीं रहा। हेजलवुड ने कहा कि किसी भी कार्यस्थल पर 20 लोगों की टीम में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिनके साथ आपकी अच्छी पेशेवर समझ तो होती है, लेकिन आप उनके साथ व्यक्तिगत रूप से ज्यादा समय बिताना पसंद नहीं करते।
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि चाहे खेल हो या ऑफिस, किसी भी कार्यस्थल पर 20 लोगों की टीम में दो-तीन ऐसे लोग होते हैं, जिनके साथ आप घूमना-फिरना पसंद नहीं करते। पेशेवर तौर पर आप उनके साथ अच्छे संबंध रखते हैं, लेकिन उनके साथ समय बिताने के लिए खुद से पहल नहीं करते।' हेजलवुड ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने साथ खेलने वाले किसी भी खिलाड़ी से नफरत नहीं की और न ही किसी से जानबूझकर दूरी बनाई। हालांकि, हर खिलाड़ी के साथ उनकी व्यक्तिगत दोस्ती भी नहीं थी।
वॉर्नर, स्मिथ, ख्वाजा और बैनक्रॉफ्ट
- फोटो : Twitter
2018 में ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में थी दूरी
हेजलवुड ने 2018 के केपटाउन दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के माहौल को लेकर भी अहम खुलासा किया। उन्होंने उस धारणा को चुनौती दी कि उस समय टीम के सभी खिलाड़ी एक-दूसरे के बेहद करीब थे। सैंडपेपरगेट विवाद के बाद से ही ऑस्ट्रेलियाई टीम में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कथित मतभेदों की चर्चा होती रही है। अब हेजलवुड ने भी माना है कि उस समय टीम के भीतर इस तरह की दूरी कुछ हद तक मौजूद हो सकती थी।
उन्होंने कहा, 'उस समय टीम के बारे में एक बात बताना जरूरी है कि सभी खिलाड़ी आपस में बहुत ज्यादा करीबी नहीं थे। अब बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच मतभेदों की बातें सामने आ रही हैं। उस समय भी कुछ हद तक ऐसा सच हो सकता है।' हेजलवुड ने यह भी कहा कि उन्हें उस्मान ख्वाजा से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने ख्वाजा के हालिया खुलासों या उन्हें सार्वजनिक करने के समय को लेकर भी कोई नाराजगी जाहिर नहीं की। वहीं, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के साथ अपने रिश्तों को उन्होंने काफी अच्छा बताया।
हेजलवुड और कमिंस
- फोटो : IANS
पैट कमिंस के समर्थन में उतरे हेजलवुड
इंटरव्यू के पहले हिस्से में जोश हेजलवुड ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का खुलकर समर्थन किया था। सैंडपेपरगेट से जुड़े नए आरोपों के बाद कमिंस की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में हेजलवुड ने उनके समर्थन में बड़ा बयान दिया। उन्होंने यहां तक संकेत दिया कि अगर कमिंस को ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी से हटाया जाता है, तो वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर भी विचार कर सकते हैं। इससे मौजूदा कप्तान के प्रति उनके समर्थन का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड
- फोटो : ANI
सैंडपेपरगेट में अपनी पुरानी बात पर कायम हैं हेजलवुड
- 2018 के केपटाउन टेस्ट में हुए बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर हेजलवुड ने अपना पुराना रुख बरकरार रखा है। उन्होंने जांचकर्ताओं को दिए गए बयान का समर्थन करते हुए कहा कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाने में उनकी कोई भूमिका नहीं थी और उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी भी नहीं थी।
- हेजलवुड ने कहा कि पूरी टीम को योजना की जानकारी होने की धारणा और किसी खिलाड़ी को वास्तव में इसकी जानकारी होने के बीच अंतर है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ऐसी किसी पोस्ट-मैच मीटिंग की याद नहीं है, जिसमें खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से इस घटना की जिम्मेदारी लेने पर सहमति जताई हो।
- इसके अलावा, उन्होंने कैमरन बैनक्रॉफ्ट, डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ पर लगाए गए प्रतिबंधों की भी आलोचना की। हेजलवुड ने इन सजा को 'हास्यास्पद' करार दिया। साल 2018 के केपटाउन टेस्ट में बॉल टेंपरिंग का मामला सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। इस घटना में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा था। अब पुराने मामले से जुड़े नए बयानों ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बहस छेड़ दी है।