आयरलैंड पर धमाकेदार जीत दर्ज करने के बावजूद भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली परेशान हैं। वजह है अंतिम-11 का चयन। कोहली की माने तो अंतिम एकादश चुनना उनके लिए सिरदर्द बन गया है। मैच के बाद कोहली ने कहा, ‘हमें उसी तरह की लय मिल गई है जैसी हम चाहते थे। टीम के संतुलित प्रदर्शन से काफी खुश हूं। किसे चुनूं किसे नहीं इस बात को लेकर मेरी परेशानी बढ़ गई है। यह हमारे लिए अच्छी बात है कि बेंच पर बैठे खिलाड़ी भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’
इंग्लैंड के बारे में कोहली ने कहा, ‘हमारे लिए विपक्षी टीम मायने नहीं रखती। हम जानते हैं कि अगर वो मुश्किल पैदा कर सकते हैं तो हमारे पास ऐसी बल्लेबाजी है जो अच्छा कर सकती है। साथ ही हमारे पास दो विश्वस्तरीय रिस्ट स्पिनर्स हैं।'
बता दें कि भारत ने शुक्रवार देर रात खेले गए दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड को 143 रनों से मात देते हुए सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमाया। इसके पहले बुधवार को हुए पहले मैच में उसने 76 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी। अब भारत को इंग्लैंड के लिए रवाना होना है, जहां टीम 5 टी-20 मैच, 3 वनडे और 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी।