दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला मजंसी सुपर लीग (एमएसएल) की टीम केपटाउन ब्लिट्ज के साथ बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में जुड़ गए हैं। एमएसएल का दूसरा सीजन आठ नवंबर से शुरू हो रहा है, जहां पहले मैच में केपटाउन को जोजी स्टार्स से भिड़ना है।
वेबसाइट क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, अमला टीम के साथ सिर्फ 25 नवंबर तक रहेंगे और तब तक टीम अपने 10 ग्रुप मैचों में से छह मैच खेल चुकी होगी। अमला ने इसी साल अगस्त में खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था।
36 साल के अमला ने करियर में 124 टेस्ट, 181 वनडे और 44 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 9282, वनडे में 8113 और टी-20 में कुल 1277 रन बनाए।