भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पांचवें टी-20 में दक्षिण अफ्रीकी टीम को हरा दिया। सूरत में खेले गए मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाबाद 34 रनों की पारी और राधा यादव के तीन विकेट की मदद से भारतीय टीम ने पांच विकेट से जीत दर्ज की।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 98 रन ही बना पाई और भारत के सामने 99 रनों का आसान लक्ष्य रखा। अफ्रीकी टीम की तरफ से किसी भी खिलाड़ी ने बड़ी पारी नहीं खेली वहीं भारत की तरफ से राधा यादव ने तीन और दीप्ति शर्मा ने दो विकेट अपने नाम किए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर की 32 गेंदों में नाबाद 34 रनों की पारी की बदौलत टीम ने 17.1 ओवर में ही पांच विकेट से मैच जीत लिया। भारतीय टीम फिलहाल छह मैचों की सीरीज में 3-0 से आगे चल रही है।