भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सोमवार को कहा कि सात साल में पहला टेस्ट खेलने की तैयारी कर रही टीम मेजबान इंग्लैंड की मजबूत टीम का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार है। उन्होंने कहा कि पुरुष टीम के बल्लेबाद अजिंक्य रहाणे से मिली टिप्स ने टीम का मनोबल बढ़ाया है।
हरमनप्रीत ने ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मैंने लाल गेंद से बहुत ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है, इस गेंद से मैंने सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले हैं। इस बार हमें अजिंक्य रहाणे से बात करने का मौका मिला, हमने उनकी बातें सुनकर समझा कि क्रिकेट के लंबे प्रारूप में किस तस बल्लेबाजी करनी है, हम मानसिक रूप से तैयार हैं।'
हरमनप्रीत सीमित ओवरों के प्रारूप की सफल बल्लेबाज हैं और पारंपरिक प्रारूप में अपनी छाप छोड़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा, हम नेट पर भी सही मानसिकता के साथ उतरने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा, 'हमने रहाणे के साथ बात की, वह काफी अनुभवी है, हमने उससे बात करने का मौका मिला और हमने ऐसा किया।'
अजिंक्य रहाणे के साथ बातचीत के बारे में विस्तार से बताते हुए हरमनप्रीत ने कहा, 'रहाणे के पास इतना अधिक अनुभव है जो उन्होंने हमारे साथ बांटा, हमें टिप्स दिए कि कैसे बल्लेबाजी करनी हैं, बल्लेबाजी करते हुए क्या रवैया अपनाना है क्योंकि यह लंबा प्रारूप है और अपनी पारी को टुकड़ों में कैसे बांटा जाए यह अहम है।'
इसके साथ ही टीम की युवा स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा के टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण की संभावना पर हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम प्रबंधन को उसके खेल से छेड़छाड़ करना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा, 'शेफाली ऐसी खिलाड़ी है जिसे हम हमेशा खिलाना चाहते हैं, वह ऐसी खिलाड़ी है जो विरोधी पर दबाव बना सकती है।'
उल्लेखनीय है कि हरमनप्रीत कौर ने अपने दो टेस्ट मैच में से एक इंग्लैंड में साल 2014 में खेला था जिसमें भारतीय टीम ने यादगार जीत दर्ज की थी। उन्होंने इसे लेकर कहा कि मुझे टेस्ट क्रिकेट खेलने का पर्याप्त अनुभव नहीं है लेकिन मुझे पता है कि यह धैर्य और क्रीज पर जितना अधिक संभव हो उतना समय बिताने का खेल है।'