भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में दबाव का सामना करना ही सफलता की कुंजी होगी। टीम पिछले दो विश्व कप में ऐसा नहीं कर सकी।
इंग्लैंड और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के लिए रवानगी से पहले हरमनप्रीत ने कहा, 'हम पिछले दो विश्व कप में काफी करीब पहुंचे लेकिन हमें दबाव का सामना करना सीखना होगा। इस बार हम अधिक दबाव लेने की बजाय अपने खेल का मजा लेना चाहते हैं। हम यह सोचकर नहीं खेलेंगे कि यह बड़ा टूर्नामेंट है। हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है लेकिन दबाव नहीं लेना।'
महिला टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में 21 फरवरी से आठ मार्च तक खेला जाएगा। भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और श्रीलंका से ग्रुप चरण में होगा।