भारत और मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का आगामी सत्र इस साल के अंत में देश में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी में बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की अंडर-19 महिला टीम ने हाल ही में मलयेशिया में अपना दूसरा टी-20 विश्व कप खिताब जीतकर एक नया मानदंड स्थापित किया है।
हरमनप्रीत ने कहा, 'डब्ल्यूपीएल बहुत बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है क्योंकि इस साल वनडे विश्व कप होना है। डब्ल्यूपीएल के बाद हमारे पास अपनी फिटनेस पर काम करने के लिए काफी समय होगा। हमारी अंडर-19 टीम लगातार ट्रॉफी जीतकर मानक स्थापित कर रही है और यह हम सभी के लिए बहुत गर्व का क्षण है।'
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी कोच और टीम मेंटोर (मार्गदर्शक) भारत की पूर्व दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी ने कहा कि उनकी टीम के पास डब्ल्यूपीएल के लिए ‘स्तरीय कोर खिलाड़ी’ हैं जबकि घरेलू खिलाड़ियों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। झूलन ने कहा, 'वे सभी बहुत ही बेहतरीन खिलाड़ी हैं, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। उनमें से एक ने अभी-अभी अंडर-19 (टी-20) विश्व कप जीता है, जी कमालिनी… और संस्कृति गुप्ता भी हैं। हमारे पास एक बेहतरीन कोर टीम है। हमारे पास कुछ युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है। वे सभी बेहतरीन खिलाड़ी हैं, वे अपने खेल को अच्छी तरह समझते हैं और एक संतुलित टीम होना महत्वपूर्ण है।'
मुंबई की मुख्य कोच चार्लोट एडवर्ड्स ने कहा कि टीम भारतीय तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर पर नजर रखना जारी रखेगी जो इस समय चोटिल हैं। एडवर्ड्स ने कहा, 'पूजा इस समय चोटिल है इसलिए हम इस पर बहुत जल्द ही कोई फैसला करेंगे। वह पिछले कुछ सत्र में हमारे लिए बड़ी खिलाड़ी रही हैं लेकिन हम उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं और उम्मीद है कि हम जल्द ही कुछ घोषणा कर पाएंगे।'
झूलन ने कहा कि डब्ल्यूपीएल ने महिला क्रिकेट के बारे में नजरिया बदल दिया है और जो लोग इस प्रतियोगिता में नजर आते हैं, उन्हें पहचान मिलती है। उन्होंने कहा, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अगर आप घरेलू क्रिकेट में जाएं तो आप उनकी (खिलाड़ियों की) मानसिकता, खेल के प्रति उनका दृष्टिकोण देखेंगे, जो पहले नहीं था। आप देखेंगे कि वे (अब) आकर अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, वे स्काउट को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं ताकि उन्हें डब्ल्यूपीएल में खेलने का मौका मिल सके।
गुजरात जाएंट्स ने एशले गार्डनर को कप्तान नियुक्त किया
गुजरात जाएंट्स ने आगामी महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के लिए ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एशले गार्डनर को अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया। इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने एक अन्य ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बेथ मूनी की जगह ली है, जो अब केवल अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करेंगी। महिला प्रीमियर लीग 14 फरवरी से शुरू होगा जिसमें पहला मैच गुजरात जॉइंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के बीच खेला जाएगा। गुजरात जाएंट्स की टीम महिला प्रीमियर लीग के पहले दो टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी तथा वह पांचवें और अंतिम स्थान पर रही थी। गार्डनर ऑस्ट्रेलिया की टीम का अहम अंग रही हैं। उन्होंने 2017 में पदार्पण करने के बाद ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 95 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 1400 से अधिक रन बनाए और अपनी ऑफ स्पिन से 78 विकेट लिए हैं।