भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार लय जारी रखते हुए दूसरे टी20 मैच को जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस जीत का श्रेय गेंदबाजों को दिया है। भारत के लिए इस मैच में सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने दमदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा कि खेल के दौरान मिली सीख को स्वीकार करने से उन्हें खुद को बेहतर करने में मदद मिली है।
भारत ने सात विकेट से जीता मैच
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 20 ओवर में नौ विकेट पर 128 रन के स्कोर पर रोका। जवाब में भारत ने 11.5 ओवर में तीन विकेट पर 129 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत के लिए शेफाली वर्मा ने 34 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। जेमिमा और शेफाली ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। शेफाली को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
शेफाली ने कहा, आज मैंने सीखा कि मैं गेंद को बिना हवा में खेले भी रन बना सकती हूं। यह खेल आपको काफी कुछ सिखाता है। इन सभी सीख को स्वीकार करना अहम है। मुझे लगता है कि खेल में सुधार का यही एकमात्र तरीका है। शुरुआत में गेंद थोड़ी रुक कर आ रही थी। मैने मैदानी शॉट खेलते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। कोच अमोल सर ने मुझे क्रीज पर समय बिताने को कहा था और बल्लेबाजी के समय मुझे उनकी बातें याद थी।
हरमनप्रीत ने स्नेह राणा को सराहा
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस जीत का श्रेय गेंदबाजों के प्रदर्शन को दिया और स्नेह राणा की तारीफ की। उन्होंने कहा, मैं गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी खुश हूं। गेंदबाजों ने जिम्मेदारी ली और हमें मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हमें पता है कि राणा टीम के लिए कितनी अहम है। दीप्ति शर्मा लंबे समय से शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। आज वैष्णवी की गेंदबाजी से भी मैं बहुत खुश हूं, पिछले मैच में हम उनसे जुड़ा एक मौका चूक गए थे। शेफाली और बाकी बल्लेबाजों ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। बल्लेबाजी के दौरान मानक तय करने को लेकर हमारी बातचीत हुई है और हर कोई सकारात्मक मानसिकता के साथ आगे बढ़ रहा है।