भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार महिला बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर के पास 2017 महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड बनाने का मौका है। दाएं हाथ की महिला बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में अब तक 9 छक्के जमाए हैं और सर्वाधिक छक्के जमाने के मामले में वो न्यूजीलैंड की सोफी डेविन के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा छक्के दक्षिण अफ्रीका की लिजेल ली ने लगाए हैं। उन्होंने 12 छक्के जड़े हैं। चूंकि दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, ऐसे में हरमनप्रीत के पास इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने का शानदार मौका है। हरमनप्रीत को सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए 4 छक्कों की जरुरत है।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 171 रन की पारी खेली थी, जिसमें 20 चौके और 7 छक्के शामिल थे। हरमनप्रीत की इस पारी को देखते हुए उम्मीद की जा सकती है कि वो फाइनल में इस रिकॉर्ड को तोड़ सकेंगी। वैसे, टूर्नामेंट में पंजाब के मोंगा की हरमनप्रीत ने अब तक 308 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 171 रन की पारी के बाद उनसे खेलप्रेमियों की उम्मीद काफी बढ़ गई है।