भारत के खिलाफ पाकिस्तान को एशिया कप के फाइनल में मिली हार के बाद पड़ोसी मुल्क में दुख कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम का दबदबा देखने मिला और पाकिस्तान को तीन बार मुंह की खानी पड़ी। फाइनल में मिली हार के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी, विशेषकर हारिस रऊफ अपनों के ही निशाने पर आ गए हैं।
दरअसल, फाइनल मैच में रऊफ काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 3.4 ओवर में 50 रन दिए, जबकि एक भी सफलता अपने नाम हासिल नहीं कर सके। रऊफ ने इस मैच में 13.60 की इकॉनोमी रेट से गेंदबाजी की। पाकिस्तान के प्रसिद्ध यू-ट्यूबर वासे ने हारिस रऊफ को जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा, तिलक वर्मा ने धज्जियां उड़ा दी यार। हल्की सी ओस थी और कुछ भी नहीं था, लेकिन एक बॉल जगह पर नहीं फेंकी। छह ओवर में 64 रन चाहिए थे, लेकिन ये (रऊफ) आया और 18-19 रन का ओवर दे गया। टैप बॉल की पैदावर, इसको यह मैच खेलना बनता ही नहीं था।
बाजिद ने टीम को लगाई लताड़
वहीं, पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी बाजिद खान ने भी टीम को जमकर लताड़ा। हालांकि, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की टीम भारत से सिर्फ कैच के मामले में आगे रही। बाजिद ने कहा, सिर्फ एक विभाग ऐसा था जिसमें हम भारत से आगे वो कैच पकड़ना रहा। पाकिस्तान टीम दबाव में आ गई और जो वो अच्छा कर रहे थे, वहां भी बेहतर नहीं कर सके। टीम के पास मौका था, लेकिन उन्होंने मौका गंवाया। निराशा इस बात से नहीं है कि आप फाइनल हारे हैं, दुख इस बात का है कि मुझे नहीं लगता अब आपको फाइनल में इस तरह का मौका मिलेगा। यहां आपको मैच जीतने के तीन-चार मौके मिले, लेकिन आपने वो गंवा दिए।
भारत के माथे पर जीत का तिलक
भारत ने दुबई में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने 2023 में वनडे प्रारूप के बाद 2025 में टी20 प्रारूप का एशिया कप जीत लिया है। भारत के लिए तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया और अंत तक टिके रहकर टीम को अभूतपूर्व जीत दिलाई। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की मदद से पाकिस्तान की पारी 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर कर दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक ने 53 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए जीत का चौका रिंकू सिंह ने लगाया। रिंकू के चौका लगाते ही ड्रेसिंग रूम में भारतीय सदस्य और मैदान पर दर्शक खुशी से झूम उठे। मुख्य कोच गौतम गंभीर भी अपना जोश नियंत्रण में नहीं रख सके। जूझारू पारी खेलने वाले तिलक ने खुशी में बल्ला लहराया और पाकिस्तान के खिलाड़ी एक बार फिर मुंह लटका कर खड़े रहे।