हार्दिक पांड्या टीम इंडिया को जीत दिलाने के बाद
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत ने एशिया कप के मुकाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया। इस मैच के हीरो रहे हार्दिक पांड्या। हार्दिक ने तीन विकेट लेने के साथ-साथ 17 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। मैच के बाद हार्दिक ने कहा कि उन्होंने 20वें ओवर के लिए खास रणनीति बनाई थी। अगर उस वक्त जीत के लिए उनके सामने 15 रन भी होते तो वह रिस्क लेने से नहीं घबराते।
हार्दिक पांड्या
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट झटके। साथ ही तूफानी बल्लेबाजी भी की। उन्होंने 20वें ओवर में मोहम्मद नवाज की गेंद पर छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। पांड्या ने मैच के बाद कहा- इस तरह के लक्ष्य का पीछा करते हुए आप हमेशा ओवर-बाय-ओवर की योजना बनाते हैं। मुझे हमेशा से पता था कि आखिरी ओवरो में पाकिस्तान के लिए एक युवा गेंदबाज (नसीम या शाहनवाज दहानी) गेंदबाजी करेगा। साथ ही एक बाएं हाथ का स्पिनर (नवाज) भी गेंदबाजी के लिए आएगा।
रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के नंबर एक ऑलराउंडर ने कहा- हमें आखिरी ओवर में केवल 7 रन चाहिए थे, लेकिन अगर हमें 15 रन चाहिए होते तो भी मैं पूरा जोर लगाता। मुझे पता है कि 20वें ओवर में गेंदबाज मुझसे ज्यादा दबाव में रहता है। मैं चीजों को सरल रखने की कोशिश करता हूं। जहां तक गेंदबाजी का सवाल है, हार्दिक जानते थे कि उन्हें शॉर्ट बॉल फेंकनी और बल्लेबाजों को गलतियां करने देना है। हार्दिक ने कहा- गेंदबाजी में परिस्थितियों का आकलन करना और अपने हथियारों का उपयोग करना महत्वपूर्ण है। मेरे लिए शॉर्ट और हार्ड लेंथ गेंदबाजी मेरी ताकत रही है।
मैच रिपोर्ट
हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
एशिया कप 2022 के अपने पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। मोहम्मद रिजवान ने 43 रन की पारी खेली। भुवनेश्वर कुमार ने चार और हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने कड़े मुकाबले को 19.4 ओवर में पांच विकेट से जीत लिया। हार्दिक ने छक्के के साथ मैच को खत्म किया।
भारत की ओर से विराट कोहली ने 35 रन, रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों में 35 रन और हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने तीन और नसीम शाह ने दो विकेट लिए। भारतीय टीम अब अपने अगले मैच में 31 अगस्त को हॉन्गकॉन्ग से भिड़ेगी। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो सितंबर को हॉन्गकॉन्ग से भिड़ेगी।