फिटनेस हासिल कर चुके भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या सोमवार से डीवाई पाटिल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलेंगे। पांड्या को पांच महीने पहले कमर में चोट लगी थी जिसके बाद लंदन में उनकी सर्जरी हुई थी। 26 वर्षीय हार्दिक बंगलूरू की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
मुंबई क्रिकेट संघ और डीवाई पाटिल खेल अकादमी के अध्यक्ष डा. विजय पाटिल ने कहा, 'रियालंस 1 टीम का प्रतिनिधित्व पांड्या, भुवनेश्वर कुमार और शिखर धवन करेंगे।' धवन और भुवनेश्वर भी चोट से उबर रहे हैं।
भुवनेश्वर का हर्निया का ऑपरेशन हुआ था जबकि धवन को पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे मैच के दौरान कंधे में चोट लगी थी। इस टी-20 टूर्नामेंट में खिताब के लिए कुल 16 टीमें चुनौती पेश करेंगी। फाइनल छह मार्च को खेल जाएगा।
न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे और संजू सैमसन के अलावा घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सूर्य कुमार यादव, राहुल त्रिपाठी और अंडर 19 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले दिव्यांश सक्सेना बीपीसीएल टीम का हिस्सा होंगे।