कमर की चोट से उबर रहे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड दौरे पर तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला और अभ्यास मैचों के लिए सोमवार को भारत ए टीम में शामिल किया गया। अक्टूबर में सर्जरी कराने वाले हार्दिक कमर की चोट के कारण सितंबर से ही क्रिकेट से दूर हैं। यह स्टार ऑलराउंडर 2018 में एशिया कप से ही इस चोट से परेशान है। उन्होंने तब पहली बार जकड़न की शिकायत की थी। हार्दिक अगर भारत ए की ओर से मैच फिटनेस साबित कर देते हैं तो उन्हें भारत की सीनियर टीम में जगह दी जा सकती है जो पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय, तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट के लिए न्यूजीलैंड का दौरा करेगी।