आईपीएल 2023 का पहला क्वालिफायर मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच है। इस मैच से पहले गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है। हार्दिक ने कहा कि धोनी से नफरत करने के लिए किसी को भी शैतान होना चाहिए। धोनी संभवतः अपना आखिरी आईपीएल खेल रहे हैं। धोनी क्रिकेट जगत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं और दुनिया के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। हार्दिक ने यह भी कहा कि धोनी बहुत गंभीर खिलाड़ी नहीं हैं, जैसा उनके बारे में कहा जाता है।
गुजरात टाइटंस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें हार्दिक ने कहा, "मैं हमेशा महेंद्र सिंह धोनी का प्रशंसक रहूंगा और इतने सारे प्रशंसकों और इतने सारे क्रिकेट प्रेमियों के लिए। आपको महेंद्र सिंह धोनी से नफरत करने के लिए शैतान बनने की जरूरत है।" पांड्या ने कहा कि उन्होंने धोनी से क्रिकेट की कई बारीकियां सीखी हैं, दिमाग लगाकर नहीं बल्कि उन्हें एक्शन करते हुए देखकर। उन्होंने कहा "बहुत से लोग सोचते हैं कि माही गंभीर है। मेरे लिए वह अलग हैं, मैं चुटकुले सुनाता हूं और मैं उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के रूप में नहीं देखता।"
पांड्या ने कहा, "जाहिर है, मैंने उनसे बहुत सारी चीजें सीखी हैं, बहुत सारी सकारात्मक चीजें, जो मैंने सिर्फ देखकर उनसे सीखी हैं, यहां तक कि कब बात करना है और कब चुप रहना है।" देश के शीर्ष ऑलराउंडर ने यह भी कहा कि धोनी उनके लिए एक भाई की तरह हैं, जिनके साथ वह आराम कर सकते हैं। हार्दिक बोले "मेरे लिए, वह सिर्फ मेरे प्रिय मित्र, प्रिय भाई है, जिसके साथ मैं मजाक करता हूं, जिसके साथ मैं मजे करता हूं।" गुजरात टाइटंस ने हार्दिक का यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि धोनी एक भावना हैं, वह एक कहानी हैं।
पिछले साल अंक तालिका में नौवें स्थान पर रहने वाली चेन्नई की टीम इस सीजन पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनने की दावेदार हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस पिछले सीजन राजस्थान को हराकर चैंपियन बनी थी और इस सीजन भी खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। चेन्नई की टीम में डेवोन कॉनवे, ऋतुराज गायकवाड़ और अजिंक्य रहाणे शानदार फॉर्म में हैं। ये खिलाड़ी चेन्नई को फिर से खिताब जीतने का प्रबल दावेदार बनाते हैं।