भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। हार्दिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन और 200 विकेट पूरे करने वाले छठे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। हार्दिक इस मामले में दिग्गजों में सूची में शामिल हो गए हैं जिनमें सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, रवि शास्त्री, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन शामिल हैं।
शकील का विकेट लेने साथ ही हासिल की उपलब्धि
हार्दिक ने सऊद शकील का विकेट लेने के साथ ही इस एलीट सूची में खुद को शामिल कर लिया। शकील ने भारत के खिलाफ अच्छी पारी खेली और 76 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक ने शॉर्ट गेंद की जिस पर शकील ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन यह बल्ले पर अच्छी तरह नहीं लगा और अक्षर ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की।
4000 रन और 200 विकेट लेने वाले भारतीय
| खिलाड़ी |
रन |
विकेट |
| सचिन तेंदुलकर |
34357 |
201 |
| कपिल देव |
9031 |
687 |
| रवि शास्त्री |
6938 |
280 |
| रवींद्र जडेजा |
6664 |
604 |
| रविचंद्रन अश्विन |
4394 |
765 |
| हार्दिक पांड्या |
4149 |
200 |
पाकिस्तान के खिलाफ की अच्छी गेंदबाजी
हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी भूमिका निभाई और आठ ओवर में 31 रन देकर दो विकेट झटके। उन्होंने सबसे पहले बाबर आजम को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। नौवें ओवर में हार्दिक ने बाबर को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। शकील को 35वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने अपना शिकार बनाया। हार्दिक ने शकील को अक्षर के हाथों कैच कराया। बाबर और इमाम उल हक के बीच पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी की थी, लेकिन हार्दिक ने बाबर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
पाकिस्तान 241 रन पर ऑलआउट
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और उसके बल्लेबाज पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सके। पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या को दो विकेट मिले। वहीं, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला। भारतीय गेंदबाजों में सिर्फ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ही खाली हाथ रहे जिन्होंने आठ ओवर में 43 रन दिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 200 रन बना लिए हैं और जीत के करीब पहुंच गई है। भारत की ओर से विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की है।