टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर को क्लीन बोल्ड करके दर्शकों का दिल जीत लिया। हार्दिक ने जब वॉर्नर को क्लीन बोल्ड किया, तो इंदौर के दर्शकों ने जोरदार जश्न मनाया।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने मौजूदा पांच मैचों की वन-डे सीरीज में पहली बार टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। मेहमान टीम के ओपनर्स ने 14 ओवर के भीतर 70 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। तभी पांड्या ने वॉर्नर को बोल्ड करके मैदान पर सनसनी फैला दी।
वॉर्नर तब 43 गेंदों में 42 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वो पांड्या की ऑफ कटर गेंद को भांप ही नहीं पाए और अपना विकेट गंवा बैठे। दरअसल, पांड्या पारी का 14वां ओवर कर रहे थे। तीसरी गेंद उन्होंने पूरी उंगलियां मोड़ते हुए गुड लेंथ स्पॉट पर डाली। वॉर्नर बैकफुट पर गए, लेकिन वो शुरुआत से ही असमंजस की स्थिति में दिखे कि गेंद को फ्रंटफुट पर खेले या फिर बैकफुट पर। वॉर्नर ने बैकफुट पर जाकर गेंद को खेलने का फैसला किया, लेकिन गेंद ऑफ स्पिन होकर गिल्लियां बिखेरकर पीछे चली गई।
IND vs AUS 2017, 3rd ODI: David Warner Wicket https://t.co/ifmouMe5vk #BCCI— Cricket-atti (@cricketatti) September 24, 2017
वॉर्नर के विकेट ने होलकर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के अंदर जोश भर दिया और पांड्या...पांड्या... के नारों से स्टेडियम में उत्साह की लहर दौड़ गई।
बहरहाल, ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वन-डे में वापसी करने वाले ओपनर आरोन फिंच (124) के शतक और कप्तान स्टीव स्मिथ (63) की उम्दा पारी की मदद से निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 293 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने दो-दो जबकि हार्दिक पांड्या और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।
294 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने समाचार लिखे जाने तक 21 ओवर में बिना किसी नुकसान के 134 रन बना लिए थे। रोहित शर्मा 71 और अजिंक्य रहाने 59 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे।