गेंदबाजी के दौरान हार्दिक पांड्या
- फोटो : सोशल मीडिया
कोहली-रोहित को आराम देना एशिया कप की तैयारियों का हिस्सा
इस मैच में रोहित और कोहली को एक साथ आराम देने के फैसले की चर्चा सबसे ज्यादा हुई। राहुल द्रविड़ ने एशिया कप की तैयारियों का एक हिस्सा बताया। वेस्टइंडीज दौरे के बाद टीम इंडिया को आयरलैंड में तीन टी20 मैच खेलने हैं। उसके बाद 30 अगस्त से एशिया कप शुरू हो जाएगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम चयन को लेकर द्रविड़ ने सफाई दी। इसका वीडियो बीसीसीआई ने एक्स (ट्विटर) पर शेयर किया। द्रविड़ ने कहा, ''अभी हमारे कुछ खिलाड़ी चोट से उबर रहे हैं। उनके खेलने को लेकर कुछ भी तय नहीं है। ऐसे में हमें हर परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार रखना होगा।''
द्रविड़ ने कहा, ''हम अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं। हम चाहते हैं कि सभी के पास गेम टाइम हो। हमारी टीम को खराब से खराब परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार रखना होगा। इससे हमें कुछ खिलाड़ियों को लेकर बड़े फैसले लेने में आसानी होगी। सबको पता है कि रोहित और कोहली तो खेल ही रहे हैं। एशिया कप से पहले हमारे पास दो-तीन मैच ही हैं। ईमानदारी से कहूं तो इससे हमें बहुत सारे जवाब नहीं मिलेंगे, लेकिन कई खिलाड़ी चोटिल होकर एनसीए में हैं। उनके खेलने पर संशय बरकरार है। ऐसे में हम कुछ खिलाड़ियों को मौके दे रहे हैं। वह जरूरत पड़ने पर तैयार रहेंगे।''