भारत के दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह ने खेल के बाद अब अपनी नई पारी की शुरुआत की है। वे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार चुने गए हैं। टीम इंडिया के लिए टेस्ट में 400 से ज्यादा विकेट लेने वाले हरभजन का राज्यसभा जाना करीब-करीब तय है। उन्होंने इसके लिए पर्चा भरने के बाद खेल के मुद्दों पर बात की। हरभजन ने कहा कि ओलंपिक में दो पदक से काम नहीं चलेगा। हमें 200 पदक चाहिए।
सोमवार (21 मार्च) को भज्जी ने कहा- हमारे यहां दो पदक जीतने के बाद लोग खुशियां मनाते हैं। हमारे इतने बड़े देश को ओलंपिक में 200 पदक जीतने चाहिए। मेरा ध्यान खेलों को बढ़ाना देने पर होगा। खेल में विकास की आवश्यकता है। मैं पंजाब के युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए काम करूंगा। पंजाब के अलावा देश भर में खेल का प्रचार करने का काम करूंगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुझे जो भी काम देंगे मैं उसे पूरा करने का प्रयास करूंगा।
हरभजन के बारे में पहले इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि वे कांग्रेस में शामिल होंगे। पिछले साल दिसंबर में क्रिकेट को अलविदा कहने से कुछ ही दिन पहले कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की थी। फोटो वायरल होने के बाद हरभजन ने कहा था कि सिद्धू से उनकी मुलाकात निजी थी।
हरभजन दो वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। उनके रहते हुए टीम इंडिया ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप को अपने नाम किया था। इसके बाद भज्जी 2011 में घरेलू मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य भी थे। उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रिकॉर्ड को देखें तो हरभजन ने 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी20 खेले थे। इस दौरान भज्जी ने टेस्ट में 417, वनडे में 269 और टी20 में 25 विकेट झटके थे। इसके अलावा 163 आईपीएल मैचों में उन्होंने 150 विकेट लिए थे।