आईपीएल का पहला सीजन फटाफट क्रिकेट के रोमांच के अलावा विवादों की वजह से भी काफी चर्चा में रहा था। इस सीजन का सबसे बड़ा विवाद मुंबई इंडियंस के हरभजन सिंह और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के एस श्रीसंत के बीच हुआ था। हरभजन ने मैदान में ही श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था। इसके बाद उन्हें पूरे सीजन के लिए आईपीएल से बैन कर दिया गया था। अब हरभजन ने स्वीकार किया है कि उस दिन उन्हें थप्पड़ नहीं मारना चाहिए था। हरभजन और श्रीसंत ने आगे चलकर 2011 विश्वकप में टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था। जीत के बाद दोनों खिलाड़ियों ने साथ जश्न मनाया था। इसके बाद दोनों के बीच अनबन की खबरों पर विराम लग गया, लेकिन थप्पड़ वाली घटना कोई नहीं भूला है।
हरभजन ने इस घटना को याद करते हुए अफसोस जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें श्रीसंत को थप्पड़ नहीं मारना चाहिए था। उस दिन जो कुछ भी हुआ, वह बेहद गलत था।