हनुमा विहारी समेत सात भारतीय क्रिकेटर बांग्लादेश की इकलौती लिस्ट-ए टूर्नामेंट (एकदिवसीय प्रारूप) ढाका प्रीमियर लीग में खेलते दिखेंगे। इसके लिए इन सभी खिलाड़ियों ने आगामी लीग के लिए अलग-अलग टीमों से करार किया है। विहारी के अलावा अभिमन्यु ईश्वरन, परवेज रसूल, बाबा अपराजित, अशोक मेनारिया, चिराग जानी और गुरींदर सिंह लीग का हिस्सा होंगे। संयोग से इन सभी खिलाड़ियों को आईपीएल 2022 के लिए नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला।
विहारी हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्हें चेतेश्वर पुजारा की जगह टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने पूरी सीरीज में तीन पारियों में 41.33 की औसत से 124 रन बनाए थे। विहारी सीरीज के बाद अपने घर लौटेंगे और फिर कुछ समय बाद ढाका के लिए रवाना होंगे।
यह पहली बार नहीं है जब भारतीय खिलाड़ी ढाका प्रीमियर लीग में खेलेंगे, इससे पहले विहारी, ईश्वरन, अपराजीत, मेनारिया और रसूल कोरोना महामारी से पहले भी यहां खेल चुके हैं। इनके अलावा दिनेश कार्तिक, मनोज तिवारी और यूसूफ पठान भी इस लीग का हिस्सा रहे हैं।
ढाका प्रीमियर लीग के आगामी सीजन में हर टीम से सिर्फ एक ही विदेशी खिलाड़ी के खेलने की अनुमति होगी।