टीम इंडिया के नए 'युवराज' ने कमाल कर दिया। मैच में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के चलते टीम मैच आसानी से जीत गया। जी हां हम बात कर रहे हैं गुरकीरत मान की। उन्हें टीम इंडिया का युवराज कहा जाता है। पंजाब की ओर से खेल रहे इस ऑलराउंडर ने शनिवार को हुए मैच में लाजवाब प्रदर्शन किया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फ्रीडम सीरीज में भले ही गुरकीरत मान को अपना कमाल दिखाने का मौका न मिल पाया हो लेकिन आंध्रप्रदेश के खिलाफ रणजी मैच में इन्होंने 9 विकेट झटककर करियर का बेहतरीन प्रदर्शन किया। ऑफ स्पिनर गुरकीरत (14/4 + 38/5) ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले के दूसरे दिन आंध्रा पर 7 विकेट से जीत दिला दी।
ध्रुव पंडोव स्टेडियम की टर्न लेती पिच पर पहले दिन कुल 17 विकेट गिरे थे जबकि दूसरे दिन कुल 16 विकेट गिरे। आंध्रा की पूरी टीम पहली पारी में 80 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में पंजाब ने पहली पारी में 147 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 67 रन की बढ़त हासिल कर ली।
इसके बाद गुरकीरत ने एक पारी में 38 रन देकर पांच विकेट झटक आंध्रा की दूसरी पारी महज 133 रन पर समेट दी। इसके बाद आंध्रा से मिले 67 रन के मामूली लक्ष्य को पंजाब ने तीन विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। मनदीप सिंह ने नाबाद 22 रन भी बनाए। गुरकीरत ने पहली पारी में चार विकेट झटके थे। पंजाब को इस जीत से छह अंक मिले।
प्रवीण और सौरभ के 'पंजे' विपक्ष का किया बुरा हाल
कप्तान प्रवीण कुमार (5/16) और सौरभ कुमार (5/37) की घातक गेंदबाजी से यूपी ने शनिवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले के दूसरे दिन गुजरात को 100 रन पर समेट पहली पारी के आधार पर 173 रन की अहम बढ़त हासिल की।
जवाब में यूपी ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 163 रन बना लिए। इसके साथ ही मेहमानों की कुल बढ़त 336 रन की हो गई जबकि उसके तीन विकेट बाकी हैं। इससे पहले यूपी ने पहली पारी में 273 रन बनाए। वह शुक्रवार के अपने स्कोर नौ विकेट पर 272 रन में सिर्फ एक रन ही जोड़ पाया।
जवाब में प्रवीण और सौरभ ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर गुजरात को झकझोर कर रख दिया। मेजबानों के केवल तीन बल्लेबाज ही दहाईं का आंकड़ा पार कर सके। गुजरात की पूरी टीम 31.4 ओवर में 100 रन बनाकर सिमट गई।
मेजबानों ने भी दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत नहीं की। ओपनर तन्मय श्रीवास्तव (1) और अल्मास शौकत (8) सस्ते में आउट हो गए। लेकिन इसके बाद उमंग शर्मा (66) ने शानदार अर्द्धशतक ठोक यूपी की पारी को संभाला। स्टंप्स तक पीयूष चावला 17 रन और प्रवीण कुमार 5 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। गुजरात की ओर से अक्षर पटेल ने 54 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके।
कप्तान वीरू नहीं कर सके कमाल
मुकेश कुमार के नेतृत्व में घातक गेंदबाजी की बदौलत बंगाल ने यहां शनिवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मुकाबले में वीरेंद्र सहवाग की टीम हरियाणा के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बंगाल की पहली पारी में 329 रन के जवाब में हरियाणा ने पहली पारी में 186 रन अपने आठ विकेट गंवा दिए जबकि वह अब भी पहली पारी के आधार पर 143 रन पीछे है।
बंगाल की ओर से मुकेश कुमार ने 49 रन देकर चार विकेट झटके। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग (28) को भी अपना शिकार बनाया। एक समय हरियाणा के 120 रन पर आठ विकेट गिर गए थे। लेकिन इसके बाद रोहित शर्मा (55 नाबाद) और युझवेंद्रा चहल (33 नाबाद) ने नौवें विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की।
इससे पहले प्रज्ञान ओझा (51) और अशोक डिंडा (45) ने नौवें विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर बंगाल के स्कोर तीन सौ के पार पहुंचाया। सचिन राणा ने 46 रन देकर पांच विकेट झटके।
जेएंडके का 460 रन का विशाल स्कोर
जम्मू एंड कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन हैदराबाद के खिलाफ पहली पारी में 460 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान मिथुन मन्हास ने सर्वाधिक 150 रन की पारी खेली जबकि परवेज रसूल ने 120 गेंदों में 75 रन का योगदान दिया और राम दयाल ने 48 रन बनाए।
हैदराबाद के लिए अनवर अहमन ने 92 रन देकर पांच विकेट झटके। जवाब में हैदराबाद ने दो विकेट पर 113 रन बना लिए और वह अब भी पहली पारी के आधार पर 347 रन पीछे है। ओपनर तन्मय अग्रवाल ने 57 रन बनाए। रोहित शर्मा ने दोनों विकेट झटके।