भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2025 के लिए होने वाली नीलामी से पहले गुजरात जाएंट्स के साथ राहें अलग कर ली है। डब्ल्यूपीएल के अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 15 दिसंबर को बंगलूरु में होनी है। पिछले साल गुजरात ने मेंटर और सलाहकार के तौर पर मिताली के साथ तीन साल के लिए करार किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात की टीम दोनों बार तालिका में नीचे रही, जिस कारण फ्रेंचाइजी ने मिताली के साथ करार तोड़ने का फैसला किया है।
बताया जा रहा है कि मिताली आंध्र क्रिकेट संघ के साथ किसी नई भूमिका में जुड़ सकती हैं। गुजरात ने नूशिन अल खदीर को भी रिलीज कर दिया है जो दो साल के करार में गेंदबाजी कोच की भूमिका में थे। नूशिन फिलहाल भारतीय अंडर-19 महिला टीम के कोच हैं। माइकल क्लिंगर गुजरात के मुख्य कोच बन सकते हैं। फील्डिंग कोच कार्ल होपकिंसन भी अपने पद पर बने रह सकते हैं। माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी गुरुवार तक इन परिवर्तन के बारे में आधिकारिक एलान कर देगी।
कई खिलाड़ियों को किया रिलीज
लीग चरण से आगे नहीं बढ़ पाने के कारण गुजरात को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कैथरीन ब्राइस को भी रिटेन नहीं किया जिन्होंने हाल ही में महिला टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड का नेतृत्व किया था। त्रीसा पूजिता, वेदा कृष्णामूर्ति, तरनुम पठान और ली ताहुहू भी इस लिस्ट में शामिल हैं। अन्य टीमों की तुलना में गुजरात के पास 4.40 करोड़ रुपये का सर्वाधिक पर्स उपलब्ध है।
डब्ल्यूपीएल 2025 सीजन के लिए होने वाली नीलामी से पहले गुजरात जाएंट्स की टीम...
रिटेनः एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी, दयाल हेमलता, हर्लिन देओल, लौरा वॉलवॉर्ट, शबनम शकील, तनुजा कंवर, फोएबे लीचफील्ड, मेघना सिंह, कशवी गौतम, प्रिया मिश्रा, मन्नत कश्यप, सयाली साथघरे।
रिलीजः स्नेह राणा, कैथरीन ब्राइस, त्रीसा पूजिता, वेदा कृष्णामूर्ति, तरनुम पठान, ली ताहुहू।
पर्स उपलब्धः 4.40 करोड़ रुपये