इंडियन प्रीमियर लीग 2022 सीजन में 27 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में सनराइजर्स के गेंदबाज उमरान मलिक ने कमाल कर दिया। एक तरफ तो गुजरात की टीम को बड़ी जीत हासिल हुई, वहीं सनराइजर्स की तरफ से खेल रहे उमरान मलिक ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने इस मुकाबले में धुआंधार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। मैच में उमरान की तेज गेंदों को देखकर हर कोई हैरान रह गया।
भले ही इस मुकाबले में एक टीम की हार हुई हो या दूसरी जीती हो, लेकिन दोनों ही टीमों के चेहरे पर संतुष्टि का भाव दिखा, क्योंकि इस मैच में क्रिकेट की जीत हुई। इसकी कहानी स्वदेशी सोशल मीडिया मंच कू एप बखूबी बयान कर रहा है। क्रिकेट के दिग्गज गुजरात टाइटंस की जीत और उमरान की काबिलीयत की तारीफें करते थक नहीं रहे हैं।
स्पोर्ट्स एनालिस्ट गौरव कालरा कू करते हुए कहते हैं- उमरान मलिक की तेज गति इस टूर्नामेंट के सबसे सुखद पहलुओं में से एक रही है। वह एक परम रत्न है जिसे भारत को आने वाले वर्षों के लिए वास्तव में पोषित करने की आवश्यकता है।
स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर अनंत त्यागी ने अपनी कू पोस्ट में कहा- आखिरी गेंद पर राशिद खान ने अपनी पूर्व टीम के खिलाफ विजयी छक्का लगाया। आपको आईपीएल से प्यार करना होगा!
भारतीय क्रिकेटर ऋद्धिमान साहा गुजरात टाइटंस को जीत की बधाई देते हुए कहते हैं- अभी भी हिम्मत बाकी है। बधाई टीम!
मशहूर क्रिकेटर मोहम्मद शमी टीम को बधाई देते हुए कहते हैं- चमत्कार होते हैं, हम पर विश्वास करते रहें।
भारतीय टेस्ट क्रिकेटर आकाश चोपड़ा, उमरान मलिक के लिए कहते हैं- उमरान मलिक हैं भारत की नई सनसनी। #आकाशवाणी
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में उमरान मलिक सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, शुरुआत के कुछ मुकाबलों में उन्हें संघर्ष करना पड़ा, लेकिन इसके बाद वह बेहतरीन वापसी करने में सफल रहे। पिछले चार मैचों में उनके प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने कुल 12 विकेट लिए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मौजूदा समय में उमरान प्रचंड फॉर्म में हैं। वह 15वें सीजन में अब तक 15 विकेट ले चुके हैं।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने एक बार फिर अपनी तेजी दिखाई। उमरान ने इस मैच में जो पांच विकेट लिए, उनमें से चार को क्लीन बोल्ड किया। इस दौरान उन्होंने साहा को 153 किमी, डेविड मिलर को 148.7 किमी, अभिनव मनोहर को 146.8 और शुभमन गिल को 144.2 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बोल्ड किया। इसके अलावा उन्होंने 145.1 किमी प्रति प्रतिघंटा की रफ्तार से हार्दिक पंड्या को गेंद फेंक कर मार्को यानसेन के हाथों कैच आउट कराया।
उमरान मलिक की तेज रफ्तार देख पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर भी काफी प्रभावित हैं। कमेंट्री के दौरान उन्होंने कहा कि उमरान मलिक को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले एक मात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। उनकी इस बात से इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन भी सहमत नजर आए। सुनील गावस्कर ने कहा कि मैं भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले टेस्ट में उमरान मलिक को खेलते देखना चाहता हूं। वे उस मैच में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।