रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल मैच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फैंस इस मुकाबले को लेकर काफी उत्सुक हैं। वहीं, फाइनल के लिए अहमदाबाद में सुरक्षा के कड़ी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा, यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मैच के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम, पार्किंग एरिया और आने-जाने के रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद तीन हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। हमने यहां तीन होल्डिंग एरिया बनाए हैं, ताकि भगदड़ की आशंका न रहे।
लगातार दूसरी बार फाइनल की मेजबानी करेगा अहमदाबाद
- अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम लगातार दूसरी बार आईपीएल 2026 के फाइनल मैच की मेजबानी करेगा।
- इससे पहले 2025 में भी इसी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला गया था जहां आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था।
- अब एक बार फिर आरसीबी इसी मैदान पर खिताब का बचाव करने उतरेगी।
- दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के पास होम ग्राउंड पर खिताब जीतने का मौका रहेगा।
रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने लीग चरण के दौरान 14 में से नौ मैच अपने नाम किए थे। इस टीम ने शीर्ष पर रहते हुए क्वालिफायर-1 में जगह बनाई, जहां गुजरात टाइटंस को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, लीग चरण के दौरान शुभमन गिल की कप्तानी में 14 में से नौ मैच जीतकर गुजरात अंक तालिका में दूसरे पायदान पर रही। इस टीम को क्वालिफायर-1 में आरसीबी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद क्वालिफायर-2 में गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध सात विकेट से जीत दर्ज कर तीसरी बार फाइनल में प्रवेश किया।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 में आरसीबी और जीटी के बीच अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं। 24 अप्रैल को गुजरात ने आरसीबी के खिलाफ पांच विकेट से मैच गंवा दिया था, जिसके बाद 30 अप्रैल को चार विकेट से जीत हासिल की। हालांकि, क्वालिफायर-1 में उसे 92 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड को देखें तो कुल नौ मैचों में आरसीबी ने पांच मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि गुजरात की टीम को चार मैचों में सफलता मिली है।