चार टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद अब मेजबान भारत और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट के सबसे छोटे फॉरमेट ट्वंटी-20 में बादशाहत साबित करने की जंग होगी। दो टी-20 मैचों की इस सीरीज का पहला मैच बृहस्पतिवार को यहां के सुब्रत राय सहारा स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड से टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक शिकस्त के बाद अब भारतीय टीम का लक्ष्य हर हाल में इस सीरीज को कब्जाना होगा।
नए रूप, रंग और कलेवर के साथ इस सीरीज के लिए उतर रही भारतीय टीम टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर टेस्ट सीरीज में मिली हार के गम को भुलाना चाहेगी। भारत को गौतम गंभीर और अजिंक्य रहाणे से ताबड़तोड़ शुरुआत की उम्मीद होगी। विराट कोहली, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, युवराज सिंह, रविंद्र जडेजा और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस फॉरमेट के धुरंधर माने जाते हैं।
हालांकि भारत को यहां भी गेंदबाजी में सतर्क रहने की जरूरत होगी। टीम के पास युवा मीडियम पेसर अशोक डिंडा, परविंदर अवाना, अभिमन्यु मिथुन और भुवनेश्वर कुमार के अलावा अनुभवी एल बालाजी का आक्रमण है। स्पिनर में आर अश्विन और पीयूष चावला के ऊपर बल्लेबाजों पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी होगी।
भारतीय टीम की मुश्किल यह है कि इस संस्करण में इंग्लैंड के खिलाफ उसका रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं है। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल पांच मैच खेले गए हैं जिसमें से भारत ने दो और इंग्लैंड ने तीन जीते हैं। दूसरी ओर, इयान मोर्गन की अगुवाई में इंग्लैंड टीम टेस्ट सीरीज की सफलता को दोहराने की कोशिश करेगी। युवा खिलाड़ियों से सजी इंग्लैंड किसी भी विपक्षी टीम को हराने का माद्दा रखती है।