ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने सचिन तेंदुलकर को ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया की सदस्यता से नवाजे जाने का समर्थन किया है। उनका कहना है कि इस सीनियर भारतीय बल्लेबाज ने दोनों देशों के बीच संबंध विकसित करने में मदद की है।
गिलक्रिस्ट के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन हालांकि तेंदुलकर को यह सम्मान दिए जाने से निराश थे और उन्होंने कहा था कि यह सम्मान सिर्फ उनके देश के लोगों को ही मिलना चाहिए लेकिन गिलक्रिस्ट का मानना है कि यह सम्मान आस्ट्रेलिया में तेंदुलकर को मिलने वाले सम्मान की मान्यता है।
गिलक्रिस्ट ने मुंबई में वोलोनगोंग विश्वविद्यालय की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, ‘दोनों देशों में तेंदुलकर का जो स्थान हैं, उसके लिए उन्हें श्रेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने दोनों देशों के बीच 22 बरस तक संबंधों का विकास किया है। मैंने उन्हें संदेश भेजा था और उनका संदेश पाकर रोमांचित था, जिसमें लिखा था, ‘क्लब में स्वागत है’ क्योंकि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे भी यही सम्मान मिला। यह सम्मान महान व्यक्ति के लिए सम्मान का सूचक है।’
गिलक्रिस्ट ने रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए तेंदुलकर की तारीफ की और कहा कि यह खेल के प्रति इस सीनियर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा,‘मैंने पढ़ा कि इस हफ्ते वह रणजी ट्रॉफी मैच खेल रहा है, जो तीन या चार साल में उसका पहला मैच है। यह तथ्य कि वह इस मैच का इस्तेमाल आगामी गंभीर टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए करना चाहता है। यह खेल के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और पेशेवरपन को दर्शाता है।’
इंग्लैंड से भिड़ने की तैयारी में जुटे सचिन
सचिन तेंदुलकर हाल के दिनों में अपनी खराब फॉर्म से काफी चिंतित हैं। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले वह तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इसीलिए उन्होंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलने का फैसला किया। उन्होंने रेलवे के खिलाफ होने वाले मैच से पहले सोमवार को मुंबई में टीम के साथ खूब अभ्यास किया।