चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अगले साल फरवरी-मार्च के बीच होगा। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का खेलना मुश्किल माना जा रहा है। दरअसल, टी20 विश्व कप के बाद वॉर्नर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा कर दी थी। हालांकि, कुछ दिनों बाद उन्होंने इच्छा जताई थी कि अगर चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चयनकर्ता उन्हें टीम में चुनते हैं तो वह वापसी कर सकते हैं। हालांकि, अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने साफ किया है कि वॉर्नर को हटाने की योजना बनाई जा रही है।
बेली का चौंकाने वाला बयान
चैंपियंस ट्रॉफी से पहले जॉर्ज बेली ने कहा, "हमारी समझ यह है कि डेविड रिटायर हो चुके हैं और तीनों प्रारूपों में उनके अविश्वसनीय करियर के लिए उनकी सराहना की जानी चाहिए। निश्चित रूप से, हमारी योजना यह है कि वह पाकिस्तान में नहीं होंगे।"
वॉर्नर का करियर
वॉर्नर की पहचान आक्रमक बल्लेबाज के तौर पर रही है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 110 टी20 मैचों में 3277 रन बनाए हैं जिसमे एक शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। वॉर्नर ने 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में शतक जड़ा था और वह तीनों प्रारूप में शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे खिलाड़ी बने थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा वॉर्नर दुनिया भर की टी20 लीग में खेलते हैं जिसमे आईपीएल भी शामिल है। 2021 में वह ऐसे चौथे बल्लेबाज बने थे जिन्होंने टी20 में 10000 रन बनाए हैं।
युवाओं को मिलेगा मौका
ऑस्ट्रेलिया की टीम अपने आगामी ब्रिटेन दौरे के दौरान युवा टीम उतारेगी, जिसमें स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज शामिल हैं। मैथ्यू वेड, मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों के न होने के कारण, बेली ने कहा कि टी20 विश्व कप 2026को देखते हुए टीम में और युवाओं को मौका मिल सकता है।
बेली ने आगे कहा, "अगला टी20 विश्व कप 2026 में है, इसलिए मुझे लगता है कि इस टीम में हम जो देख रहे हैं, उससे कुछ अधिक बदलाव हो सकते हैं। लेकिन विशेष रूप से, उन लोगों (स्टार्क और मैक्सवेल) से नहीं, हमने इस बारे में कोई बातचीत नहीं की है।"