चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट में आईपीएल-5 चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के बाहर होने से खराब फॉर्म में चल रहे कप्तान गौतम गंभीर मुश्किलों में घिर सकते हैं। आईपीएल-5 की चैंपियन बनने के बाद गंभीर की नजर टेस्ट कप्तान बनने पर थी। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज, टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस लीग में बल्ले से खराब प्रदर्शन के बाद अब उनका टीम में बने रहना मुश्किल हो गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ गंभीर ने तीन पारियों में 32, टी-20 वर्ल्ड कप में पांच पारियों में 80 और चैंपियंस लीग में दो पारियों में पांच रन ही रन बना सके।
भारत को नवंबर में इंग्लैंड से चार टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलनी है। घरेलू क्रिकेट में ओपनर मुरली विजय और अजिंक्य रहाणे शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाने के लिए दस्तक दे रहे हैं। ऐसे मे जब चयनकर्ता इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टेस्ट टीम चुनेंगे तो उन्हें ओपनरों को लेकर खासी मशक्कत करनी पड़ेगी।