गैरी कर्स्टन ने पाकिस्तान के सीमित ओवरों की टीम का मुख्य कोच पद छोड़ दिया है। कर्स्टन ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी कर्स्टन के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस साल अप्रैल में दो साल का करार किया था, लेकिन मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कर्स्टन ने छह महीने से भी पहले इस करार को समाप्त करने का निर्णय लिया है।
पाकिस्तान को अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इसके लिए रविवार को ही पीसीबी ने टीम घोषित की थी, लेकिन इसके एक दिन बाद कर्स्टन ने मुख्य कोच का पद छोड़ दिया। 56 वर्षीय कर्स्टन ने भारत को 2011 वनडे विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, कर्स्टन के पाकिस्तान के सीमित ओवरों की टीम का पद छोड़ने का निर्णय टेस्ट टीम के कोच जेसन गिलेस्पी और पीसीबी के साथ मतभेद के कारण हुआ है, क्योंकि बोर्ड ने अपनी चयन शक्तियां वापस लेने का निर्णय लिया था।
पाकिस्तान में चयन का अधिकार सिर्फ चयन समिति के पास ही है। माना जा रहा है कि कर्स्टन इस मामले में जल्द ही बयान जारी करेंगे। कर्स्टन पाकिस्तान टीम का कोच पद संभालने से पहले आईपीएल की फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजी कोच के रूप में काम कर रहे थे। पाकिस्तान ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू जमीन पर 2-1 से टेस्ट सीरीज जीती थी।
कर्स्टन का जाना और जिस तेजी से चीजें विकसित हुई हैं, वह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए भी आश्चर्यजनक नहीं है। इसका मतलब यह है कि कर्स्टन एक भी वनडे में पाकिस्तान को कोचिंग दिए बिना ही अपनी भूमिका से हट गए, जिस प्रारूप में उन्होंने कोचिंग में अपनी सबसे बड़ी सफलता हासिल की थी। कर्स्टन के कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट में कई बदलाव हुए थे। बाबर आजम को पहले दोबारा सीमित ओवरों की कमान सौंपी गई थी और फिर हाल ही में उनसे कप्तान छीनी गई थी।
कर्स्टन के कार्यकाल में टी20 विश्व कप में खराब रहा था टीम का प्रदर्शन
कर्स्टन के कार्यकाल में पाकिस्तान का इस साल जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। पाकिस्तान का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया था। यहां तक कि उसे ग्रुप चरण में अमेरिका के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था।