फॉर्म की तलाश में काउंटी क्रिकेट खेलने इंग्लैंड गए भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट आए हैं।
गंभीर पिछले महीने अगस्त में एसेक्स की ओर से शेष सत्र के लिए खेलने गए थे, लेकिन उन्हें पारिवारिक कारणों से रविवार को वापस आना पड़ा। हालांकि, काउंटी क्लब ने उम्मीद जताई है कि वह सत्र खत्म होने से पहले इंग्लैंड आ जाएंगे।
एसेक्स ने अपने एक बयान में कहा है कि गौतम गंभीर पारिवारिक कारणों से रविवार को भारत लौट गए हैं। इस समय एसेक्स क्रिकेट और गौतम कुछ भी कहने में असमर्थ हैं। एसेक्स क्रिकेट गंभीर का समर्थन करता है और बहुत उम्मीद है कि वह सत्र खत्म होने से पहले वापस आ जाएंगे।
गंभीर ने पिछले महीने के अंत में काउंटी करियर की शुरुआत की थी, लेकिन वह वहां पर बढ़िया प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। 30 अगस्त को ग्लोसेस्टरशायर के खिलाफ ड्रॉ मैच में उन्होंने शतक लगाया था। हालांकि, इससे पहले वह चार मैचों में क्रमशः 31, 21, 2 और 0 रन ही बना पाए थे।
बाएं हाथ का यह बल्लेबाज खराब फॉर्म के कारण लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर है। गंभीर को चैंपियंस ट्रॉफी, वेस्ट इंडीज में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज और वनडे सीरीज (जिम्बाब्वे) में शामिल नहीं किया गया था।
उन्होंने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच साल के शुरुआत में जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच खेला था।